- जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित की गई टीम, पांच अस्पतालों में भर्ती 80 मरीज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कुट्टू का आटा खाने से तबीयत बिगड़ने के मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कमेटी गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार क पांच सदस्यीय टीम में एसडीएम दादरी अनुज नेहरा, डिप्टी सीएमओ डॉ. टीकम सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. चंदन सोनी, एमओआईसी बिसरख सचिंद्र मिश्रा, फूड सप्लाई ऑफिसर मरीजों का हाल जानने अस्पतालों में पहुंचे। डिप्टी सीएमओ डॉ. चंदन सोनी ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर एक टीम गठित की गई थी और टीम ने पांच अस्पतालों में भर्ती मरीजों का हाल पता किया। इसमें चार निजी अस्पताल और बादलपुर सीएचसी शामिल हैं। सभी अस्पतालों में 80 से अधिक मरीजों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग भी शामिल थे। डॉ. चंदन सोनी ने बताया कि मरीजों को उल्टी दस्त की समस्या होने की वजह से डिहाइड्रेशन हो गया है। हालांकि मरीजों की स्थिति अधिक गंभीर नहीं है, लेकिन भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। यदि हालात में सुधार होता है तो मरीजों को डिस्चार्ज भी किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को मरीजों की स्थिति पता की है। आज भी टीम अस्पताल जाएगी। यदि जरूरत पड़ी तो स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे और मरीजों का पता लगाने में आशाओं की मदद ली जाएगी। -डॉ. नरेंद्र कुमार, सीएमओ, गौतमबुद्ध नगर