-दो दिवसीय दौरे में शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
-नूंह व फिरोजपुर नमक के सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने को कहा
-पत्नी के साथ पीएचसी घासेड़ा के प्रांगण में किया पौधरोपण
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने शुक्रवार को नूंह जिले के दौरे के दौरान विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर देते हुए प्रशासन को संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे जनता का विश्वास मजबूत हो सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकासात्मक योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए राज्यपाल ने समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण करें और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थान केवल भवन नहीं, बल्कि सरकार और जनता के विश्वास का प्रतीक हैं, इसलिए इन संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में काम करते हुए लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना चाहिए।
शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए राज्यपाल ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों में आधुनिक विषयों तथा अंग्रेजी दक्षता विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बढ़ती ड्रॉपआउट दर को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए इसे कम करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी ठोस कदम उठाने की बात कही।
स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में राज्यपाल ने अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार, डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पीएचसी घासेड़ा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को समयबद्ध उपचार और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही स्वच्छता और बेहतर वातावरण बनाए रखने पर भी बल दिया। उन्होंने निरीक्षण के बाद पीएचसी घासेड़ा में अपनी धर्मपत्नी मित्रा घोष के साथ पीएचसी प्रांगण में पौधारोपण भी किया।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राज्यपाल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले में शांति, स्थिरता और जनविश्वास बनाए रखें। उन्होंने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ये दोनों विभाग जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने आईटी सेक्टर, शिक्षा हब और खेल सुविधाओं के विकास को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि कौशल विकास और रोजगार सृजन के माध्यम से युवाओं को नई दिशा मिल सके। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों से नूंह जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है।
विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए दिए दस-दस लाख
राज्यपाल ने राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल नूंह-2 और पीएमश्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजपुर नमक का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने दोनों स्कूलों में सुविधाओं के विकास के लिए 10-10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।
-
लघु सचिवालय के सभागार का किया उद्घाटन
इससे पहले राज्यपाल ने बृहस्पतिवार की शाम अधिकारियों के साथ मीटिंग के बाद लघु सचिवालय की द्वितीय मंजिल पर स्थित सभागार का नवीनीकरण उपरांत उद्घाटन किया। नूंह आगमन पर राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष का सर्किट हाउस में उनके सम्मान में पुलिस की टुकड़ी ने सलामी के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर राज्यपाल हरियाणा के सचिव विजय कुमार भाविकट्टी व एडीसी धीरज सेतिया, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, सिविल सर्जन डॉ. संदीप मेहता, उप सिविल सर्जन डा. आशीष गोयल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।