-सीएम के हैलीपैड के लिए दो स्थान चिह्नित, यमुना सिटी में जनसभा
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना सिटी में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री पहुंचेंगे।। वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए शुक्रवार को जर्मन हैंगर पंडाल बनना शुरू हो गया। जनसभा में करीब पांच हजार लोगों के आने की संभावना है। यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने एचसीएल कंपनी के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने प्राधिकरण के सीईओ, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम पहुंचेंगी।
उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगने के लिए केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार बेहद गंभीर है। वहीं, उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए यह बड़ा कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इसमें रुचि ले रहे हैं। 21 फरवरी की शाम पांच बजे कार्यक्रम होगा। इसमें स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन लोगों को संबोधित करेंगे। औद्योगिक सेक्टर-28 में 48 एकड़ भूमि पर यह यूनिट स्थापित होने जा रही है। विश्व में इलेक्ट्रॉनिक्स की सबसे बड़ी कंपनी फॉक्सकॉन और देश की बड़ी आईटी कंपनी एचसीएल के संयुक्त उपक्रम मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सेमीकंडक्टर यूनिट लगाएगी। यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने दोनों कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल का प्रमुख अधिकारी निरीक्षण कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय करेंगे। दूसरी ओर, सेक्टर-28 में सुबह से ही कैंटरों के माध्यम से पंडाल लगाने के लिए जर्मन हैंगर का सामान पहुंचने लगा।
हेलीपैड के लिए दो जगह चिह्नित, पुलिस अधिकारी करेंगे फाइनल
कार्यक्रम स्थल से करीब 100 मीटर दूर दो स्थानों पर हेलीकॉप्टर उतरने के लिए हैलीपैड की जगह चिह्नित की गई है। दोनों ही स्थानों पर झाड़ियां हटाई गई और मिट्टी को समतल किया जा रहा है। शनिवार को मौके पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह व अन्य अधिकारी तय करेंगे कि कौन से स्थान पर हेलीपैड बनाया जाएगा।
-
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए एचसीएल और फॉक्सकॉन कंपनी के अधिकारियों के साथ एक बैठक की गई है। बैठक में उन्हें कार्यक्रम के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
आरके सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण