दादरी(संवाद)। नगर में मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ खाद्य विभाग ने छापामार कार्रवाई की। रेलवे रोड पर एक पनीर भंडार पर छापा मारकर पनीर के सैंपल लिए गए। कार्रवाई से मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार दुकानों के शटर बंद कर भाग गए।
बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता टीम के साथ दादरी नगर में पहुंचे। मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के यहां छापामार कार्रवाई की गई। रेलवे रोड पर छावड़ा पनीर भंडार के यहां पनीर के सैंपल लिए गए। कार्रवाई की जानकारी पूरे बाजार में जंगल में आग की तरह फैल गई। घबराए पनीर एवं अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदार अपनी दुकानों के शटर बंद कर भाग गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता का कहना है कि मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दुकानदार दुकानों का पंजीकरण समय रहते करा लें। बिना पंजीकरण दुकान चलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।