ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो के सेक्टर गामा दो स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में बालक वर्ग में चल रही तीन दिवसीय अंतर डीपीएस फुटबॉल प्रतियोगिता जोनल-दो के दूसरे दिन नॉकआउट व क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। शनिवार को पहला सेमीफाइनल डीपीएस वसंत कुंज व डीपीएस ग्रेटर नोएडा और दूसरा सेमीफाइनल डीपीएस नोएडा व डीपीएस फरीदाबाद के बीच होगा। इस प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर में संचालित 22 से अधिक डीपीएस की टीमें भाग ले रही हैं।
स्कूल के स्पोर्ट्स अध्यापक आशीष चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को हुए नॉकआउट मुकाबलों में डीपीएस गुरुग्राम ने 1-0 गोल, डीपीएस मथुरा ने 3-1 गोल, डीपीएस वसंत कुंज ने 3-0 गोल, डीपीएस फरीदाबाद ने 1-0 गोल से जीत हासिल की। क्वार्टर फाइनल में फरीदाबाद ने डीपीएस गुरुग्राम को 5-4 गोल से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अन्य क्वार्टर फाइनल में डीपीएस ग्रेटर नोएडा, डीपीएस वसंत कुंज व डीपीएस नोएडा ने जीत हासिल की।