पलिया शारदा नदी तट पर ग्रामीणों संग बैठा गायब किशोर का पिता। संवाद
पलियाकलां। शारदा नदी में दोस्तों संग खेत देखने आए 13 वर्षीय किशोर शिवम के नदी में डूब जाने की सूचना मिलने के बाद विदेश काम करने गए उसके पिता हीरालाल भी नदी में डूबने की खबर सुनकर तीसरे दिन गांव पहुंच गए। सुबह से ही शारदा नदी तट पर ग्रामीणों संग अपने पुत्र की आस लगाए बैठे रहे। गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम तीसरे दिन भी लगी रही, लेकिन किशोर का सुराग नहीं मिल सका।
कचनारा गांव निवासी हीरालाल ने बताया कि वह करीब तीन माह पूर्व ओमान काम करने गए थे। इससे पहले वह दिल्ली में थे। बताया कि उनके जाने के बाद से उसके दो पुत्र खेतों का काम देखते थे। बताया कि घटना वाले दिन ही उनको पुत्र के डूबने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने आनन-फानन टिकट आदि का बंदोबस्त किया और भारत के लिए चल दिए।
मंगलवार को वह यहां पहुंचे और घर पहुंचने के बाद सीधे शारदा नदी तट किनारे आ गए। एनडीआरएफ की टीम व स्थानीय गोताखोर भी नदी में डूबे किशोर शिवम की तलाश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। गांव में मां बेसुध होकर आंसुओं से अपने पुत्र का इंतजार कर रही हैं, लेकिन उनका तीसरे दिन भी इंतजार इंतजार ही रह गया है।
शिवम के पिता हीरालाल ने बताया कि नदी किनारे उनका खेत है और वह भी शारदा नदी में धीरे-धीरे कट रहा था, इसकी निगरानी करने के लिए उसका पुत्र यहां आया था।