किसान ने जिलाधिकारी से मिलकर की एसडीएम की शिकायत
जमीन का सर्वे ठीक से नहीं कराने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर के गांव झुप्पा निवासी एक किसान ने जिलाधिकारी से मिलकर एसडीएम की शिकायत की है। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि एसडीएम उनकी जमीन का ठीक से सर्वे नहीं करा रहे हैं और उल्टा उनके ऊपर ही दबाव बना रहे हैं जबकि उनकी जमीन पर गांव के दबंग लोगों ने कब्जा कर लिया है।
झुप्पा निवासी राधे ने जिलाधिकारी से बताया कि उनकी जमीन पर गांव के दबंग लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत उन्होंने जेवर थाने में की थी। किसान ने आरोप लगाया कि एसडीएम इस मामले में निष्पक्षता के साथ जांच नहीं कर रहे हैं, उल्टा उनके ऊपर ही शिकायत न करने का दबाव बना रहे हैं। किसान ने जिलाधिकारी से मिलकर मामले की जांच कराने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है। जिलाधिकारी ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। उप जिलाधिकारी, जेवर दुर्गेश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा चुकी है। किसान की जमीन पर किसी का कब्जा नहीं है, बल्कि वह खुद अपनी जमीन पर काबिज है। उस पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं बनाया गया है, यह बात पूरी तरह से गलत है। अगर किसान संतुष्ट नहीं है तो दोबारा जांच कराई जाएगी और अधिकारियों के निर्देश का पालन किया जाएगा।