संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कपालमोचन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से फॉगिंग करवाई जा रही है। वहीं, बिजली विभाग की ओर से नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं। पूरे मेला क्षेत्र को स्थायी एलईडी लाइटों से सुसज्जित किया जा रहा है।
अस्थायी शौचालयों का निर्माण कार्य जारी है और ठेकेदारों को उच्च गुणवत्ता की सामग्री के प्रयोग के निर्देश दिए गए हैं। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा मेले में गुमशुदा तलाश केंद्र के लिए स्पीकर सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं। यह जानकारी मेला प्रशासक एवं एसडीएम व्यासपुर जसपाल गिल ने दी। एसडीएम ने कहा कि सफाई कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है तथा श्रद्धालुओं को धूल-मिट्टी से बचाने के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यासपुर से कपालमोचन तक ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई है। मेले के दौरान पेयजल, दूध, खाद्य सामग्री, दवाइयों की उपलब्धता और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। मेला प्रशासक ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु हर वर्ष इस मेले में भाग लेने आते हैं और कपालमोचन, ऋणमोचन व सूरजकुंड सरोवरों में स्नान कर पुण्य अर्जित करते हैं।
श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन हर संभव व्यवस्था कर रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना, जनसंपर्क, संस्कृति एवं भाषा विभाग हरियाणा की ओर से मेले में प्रदर्शनी और सांस्कृतिक मंच का आयोजन किया जाएगा, जहां पर राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं और उपलब्धियों की झलक दिखाई जाएगी।