बोर्ड परीक्षा से पहले संपन्न कराने की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा-9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होंगी। अधिकतर स्कूलों ने बोर्ड परीक्षाओं के शुरू होने से पहले ही इन कक्षाओं की परीक्षाएं संपन्न कराने की तैयारी कर ली है।
बड़ी संख्या में स्कूलों को बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाया गया है। ऐसे में यदि 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं बोर्ड परीक्षा के साथ चलती हैं तो कक्षाओं, स्टाफ और संसाधनों के प्रबंधन में दिक्कत आ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकतर स्कूलों ने परीक्षा कार्यक्रम को पहले ही तय कर लिया है। समय से परीक्षा संपन्न कराने से बोर्ड परीक्षा में लगने वाले शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र बनाए जाने के कारण स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखना भी आसान होगा।
नवजीवन इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उनके विद्यालय में कक्षा 9 और 11 की परीक्षाएं 27 जनवरी से शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन की पूरी कोशिश है कि परीक्षाएं बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले ही समाप्त हो जाएं।
श्याम सिंह स्मारक कन्या इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल गीता शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले 9वीं और 11वीं की परीक्षा संपन्न हो जाएंगी। जल्द ही डेटशीट जारी कर दी जाएगी। हालांकि छात्रों को बता दिया गया है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह से परीक्षाएं शुरू होंगी।