जिले में चार स्कूलों में छात्रों ने किया मतदान, अब तक जिले के सौ से ज्यादा स्कूलों में छात्र कर चुके हैं वोटिंग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। अमर उजाला शिक्षक सम्मान के लिए बुधवार को चार स्कूलों में वाेटिंग हुई। जिले में मतदान के अंतिम दिन भी छात्रों में प्रिय शिक्षक को चुनने का उत्साह दिखाई दिया। मतदान बाद विद्यार्थियों ने अंगुली में लगी स्याही के साथ सेल्फी खिंचाई। आर्मी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल,दनकौर के किसान इंटर कॉलेज और बिलासपुर में पटेल इंटर कॉलेज में छात्रों ने मतदान किया। इस बार गौतमबुद्ध नगर में सौ से ज्यादा स्कूलों में छात्र अपने प्रिय शिक्षक को चुनने के लिए मतदान कर चुके हैं।
आर्मी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल इंद्राणी नियोगी ने अमर उजाला की पहल को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों और शिक्षकों के बीच तालमेल बढ़ता है। ग्रेटर नोएडा के दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. हीमा शर्मा ने बताया कि अमर उजाला की पहल ने छात्रों को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया। वहीं किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने यशवीर सिंह ने ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया और आगे भी ऐसे आयोजनों के जारी रहने की बात कही। पटेल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राम हरि तिवारी ने कहा लाइन में लगकर छात्रों ने वोट का महत्व समझा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां छात्रों को लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराती हैं।
ऐसे आयोजन हर साल होने चाहिए। हमें अपने शिक्षक को चुनने का मौका मिला। - वर्षा, किसान इंटर कॉलेज
वोट डालने के लिए काफी दिनों से इंतजार कर रही थी। मतदान कर अच्छा लगा। - दीपांशी,पटेल इंटर कॉलेज
अमर उजाला के इस पहल से शिक्षकों और छात्रों के बीच विश्वास बढ़ेगा। - श्रेया,दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल