संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। भारतीय किसान यूनियन की ओर से गांव पोटली के पास निर्माणाधीन अंबाला-शामली हाईवे पर एक माह से चल रहा धरना-प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। किसानों ने चेतावनी दी कि कि जब तक हाइवे के बीच से रास्ता नहीं दिया जाता, तब तक दोनों ओर काम नहीं लगने देंगे।
इसके बाद भी शनिवार देर शाम एनएचएआई के कर्मचारी मशीनें लेकर गांव पोटली पहुंच गए। किसान सतपाल सैनी ने इस बारे भाकियू के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर को फोन पर सूचित किया। सुभाष गुर्जर टीम सहित धरना स्थल पर पहुंचे और थाना जठलाना प्रभारी को फोन कर बुलाया। किसानों ने मौके पर काम नहीं लगने दिया। जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि जब तक किसानों को हाईवे से रास्ता नहीं मिलेगा, तब तक काम पूरी तरह से बंद रखेंगे।
उन्होने बताया कि 14 अक्तूबर की सुबह दस बजे भाकियू रादौर की बैठक गांव पोटली में धरनास्थल पर होगी। इसमें हाईवे कर्मचारियों की गतिविधियों पर विचार किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष रतनमान के आदेशानुसार दीवाली के बाद तैयारियां पूरी कर टीमें बनाकर रास्ते को बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि 13 अक्टूबर को अधिक संख्या में पोटली पहुंचे।