- परिवहन निगम इन बसों को लंबे रूटों पर भी इस्तेमाल करेगा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा रीजन को जल्द ही 10 एसी बसें मिलने जा रही हैं। ऐसे में प्रबंधन की ओर से इन बसों को कुछ खास रूटों पर चलाए जाने की योजना बनाई जा रही है। शुरूआती जानकारी के अनुसार लखनऊ, आगरा, बनारस, आयोध्या, गोरखपुर, देहरादून समेत अन्य नए रूट बनाकर इन बसों को यहां पर चलाया जाएगा। बताया जा रहा है कि हिमाचल के लिए भी इसमें एक नया रूट तैयार किया जा सकता है। नई बसें जल्द ही डिपो को मिल जाएंगी। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
फिलहाल नोएडा से हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए सीएनजी बसें चलाई जा रही हैं। इन्हीं बसों में अक्सर देहरादून जाने वाले यात्रियों की संख्या देखी जाती है। जिस पर अधिकारियों ने विचार किया है। बता दें कि यह सभी बसें डीजल होंगी। और ऐसा पहली बार होगा जब नोएडा डिपो में डीजल बसें दौड़ेंगी। इस वजह से इन्हें लंबे रूटों पर लगाया जाएगा। वहीं कई राज्यों से नोएडा डिपो की पहुंच बढ़े इस हिसाब से रोडमैप तैयार किया जा रहा है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि नोएडा से ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए कुछ दिन पहले ही सीएनजी बसों का संचालन शुरू किया गया है। सप्ताह के अंत में रोजाना 400 से 500 यात्री आसानी से सफर करते हैं।
इसी बस में यात्री देहरादून जाने के लिए बैठते हैं, लेकिन उन्हें हरिद्वार डिपो पर उतरकर दूसरी बस पकड़नी पड़ती है। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में मोरना डिपो को शासन की तरफ से 40 नई सीएनजी बसें मिली है। जिसमें से 8 से 10 बसें उत्तराखंड, ऋषिकेश और हरिद्वार रूट पर संचालित की जाती हैं। अक्सर वीकेंड के दिनों में नोएडा से पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा देखने को मिलता है। नोएडा डिपो एआरएम रोहिताश कुमार ने बताया कि एसी बसें मिलने के बाद लोगों को काफी राहत मिलेगी। इनका रूट प्लान बनाया जा रहा है।
-
नोएडा से परी चौक तक दो एसी डबल डेकर बसें चलेंगी
अधिकारियों ने बताया कि शासन की तरफ से जल्द ही मोरना डिपो को दो डबल डेकर बसें दी जाएंगी। जिसे सेक्टर -37 बॉटनिकल गार्डन से परी चौक तक संचालित किया जाएगा। फिलहाल नोएडा डिपो पर 180 से अधिक सीएनजी बसें हैं। जिसमें से अन्य जिलों के साथ लोकल रूट पर चलाई जा रही हैं।