बच्चे को गोद में लेकर तीसरे-चौथे फ्लोर नहीं चढ़ना पड़ेगा, आए दिन खराब रहती है लिफ्ट खराब, कई बार फंस चुके हैं लोग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। चाइल्ड पीजीआई में संचालित डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (डीईआईसी) को जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यह बदलाव बच्चों और उनके अभिभावकों की लंबे समय से चली आ रही परेशानी को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत डीईआईसी की सभी ओपीडी और जांच सुविधाएं ग्राउंड फ्लोर पर उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों को ऊंची मंजिलों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वर्तमान में डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर चाइल्ड पीजीआई परिसर में बने 9 नंबर टॉवर में संचालित हो रहा है। लोगों को तीसरी और चौथी मंजिल तक जाना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि बिल्डिंग की लिफ्ट आए दिन खराब रहती है। कई बार मरीज और तीमारदार लिफ्ट में फंस चुके हैं। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर अभिभावकों को सीढ़ियों से ऊपर-नीचे जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने निर्णय लिया है कि चाइल्ड पीजीआई परिसर में स्थित जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में डीईआईसी को शिफ्ट किया जाए। यहां ग्राउंड फ्लोर पर ही ओपीडी, जांच और थेरेपी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दिव्यांग और विशेष जरूरत वाले बच्चों के साथ आने वाले अभिभावकों को काफी राहत मिलेगी। चाइल्ड पीजीआई के डेंटल, माइक्रोबायोलॉजी समेत कुल चार विभागों को टॉवर नंबर नौ में शिफ्ट किया जाना है।
चाइल्ड पीजीआई के निदेशक डॉ. एके सिंह ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर को जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में शिफ्ट करने की तैयारी है। जल्द इस पर काम शुरू किया जाएगा।