ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर की कबड्डी खिलाड़ियों ने लखनऊ में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में पहला स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में कई जिलों की 18 टीमों ने भाग लिया।
कोच जितेंद्र नागर ने बताया कि लखनऊ के लखीमपुर खीरी में शनिवार को बालिका वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा की बागपुर स्थित बाालिका जेडी कबड्डी अकादमी की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
क्वार्टर फाइनल में टीम ने पुरनपुरा की टीम को 36-16 अंक से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में काशीपुर की टीम को 42-18 अंक से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में लखनऊ को 25-10 अंक के स्कोर से पराजित कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों को ट्राॅफी के साथ 11 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र नागर ने विजेता खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी।