-आपातकाल 50 कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, सांसद विनय भी पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि युवा पीढ़ी को ये बताना बेहद जरूरी है कि आपातकाल में कैसे संविधान का गला घोंटा गया। शनिवार को उन्होंने डॉ अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के इमरजेंसी 50 कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसमें पूर्व सांसद विनय सहस्त्रबुद्धे भी पहुंचे।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को यह जानकारी देना है कि अपनी कुर्सी और सत्ता बचाने के लिए कांग्रेस सरकार ने किस तरह संविधान का गला घोंटा और कलम की ताकत पर रोक लगाई। आज की पीढ़ी को यह समझना पड़ेगा कि इमरजेंसी कितनी भयावह थी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10 सालों में भारत की ताकत को दुनिया ने देखा है, जिससे भारतीय लोकतंत्र को नई पहचान मिली है। सचदेवा ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल की लत से निकलकर वे देश के प्रति जुनून पैदा करें, तो देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में होगा। सचदेवा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और नाना जी देशमुख को संविधान व लोकतंत्र का सबसे बड़ा प्रहरी बताया। उन्होंने कहा, देशवासियों की वैचारिक आजादी की रक्षा का श्रेय लोकनायक जयप्रकाश नारायण व नानाजी देशमुख को जाता है।