– डेढ़ साल से अनदेखी का आरोप, आए दिन हो रहे हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर में टप्पल रोड की हालत रोजमर्रा की मुसीबत बन चुकी है। यह सड़क अलीगढ़ और टप्पल को जेवर से जोड़ते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक जाती है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि रोजाना ई-रिक्शे पलट रहे हैं। आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दोपहिया और पैदल चलना जोखिम भरा हो गया है। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। किसानों और व्यापारियों का काम भी प्रभावित हो रहा है। वहीं धूल-मिट्टी के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है।
सबसे गंभीर स्थिति आरआर कॉलोनी के पास है। यह कॉलोनी नोएडा एयरपोर्ट परियोजना में विस्थापित सात गांवों के परिवारों को बसाने के लिए बनाई गई है। जिन लोगों को बेहतर भविष्य का सपना दिखाया गया वही आज टूटी सड़क से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पिछले डेढ़ वर्ष से बदहाल है। कई बार शिकायत की गई। ज्ञापन भी सौंपे गए लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
यह सड़क अलीगढ़ व टप्पल को सीधा एयरपोर्ट से जोड़ रहा है फिर भी हालत बदतर है –
मानवेंद्र वशिष्ठ, निवासी
बच्चों को स्कूल भेजते समय डर लगता है। धूल और गड्ढों से हालत खराब है। –
पप्पू खान, निवासी
माल लाने-ले जाने में समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं। हमें नुकसान उठाना पड़ रहा है। –
नासिर खान, निवासी
हमारी परेशानी को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। –
सतवीर चौधरी, निवासी