अंबाला छावनी के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देशराज बाजवा प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी
अंबाला। छावनी के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज को नई सौगात मिली है। छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने जिले के सबसे बड़े कॉलेज में एक नई बिल्डिंग के निर्माण को मंजूरी दी है। चार मंजिला बिल्डिंग में लिफ्ट और रेंप भी तैयार किया जाएगा।
साथ ही यह पुरानी बिल्डिंग से भी कनेक्ट की जाएगी, जिससे कि छात्रों को पढ़ाई करने के लिए परेशानी न उठानी पड़ी। शनिवार को कॉलेज प्राचार्य डॉ. देशराज बाजवा ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पुरानी बिल्डिंग को तोड़ने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग से आदेश आ चुके हैं। नई बिल्डिंग के लिए चीफ आर्किटेक्ट ऑफिस में नक्शा तैयार किया जा रहा है। कॉलेज की तरफ से चार मंजिला बिल्डिंग का प्रपोजल भेजा है।
बिल्डिंग के निर्माण के लिए कॉलेज प्राचार्य डॉ. देशराज बाजवा ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज से भी मुलाकात कर बधाई दी। मंत्री विज ने शहर के कॉलेज को संवारने में हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया है। डॉ. देशराज ने बताया कि छावनी का यह कॉलेज मंत्री अनिल विज के प्रयासों से ही स्थापित हुआ था। बताया कि नई बिल्डिंग के निर्माण के साथ ही कॉलेज में नए सत्र से कई नए कोर्स भी शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद से छात्रों में प्रोफेशनल कोर्स की डिमांड बढ़ रही है। उसी को देखते हुए उच्चतर शिक्षा विभाग को नए कोर्स शुरू करने की मांग भेजी जाएगी।
जर्जर हो चुके थे कमरे
कॉलेज के जन संचार विभाग के कमरे भी लंबे समय से जर्जर हो चुके थे। कई बार लेंटर भी झड़ने के कारण हादसा होने से बाल-बाल बचा था। इसको लेकर संबंधित स्टाफ व प्राचार्य की तरफ से मुख्यालय में पत्राचार भी किया था। लंबे समय से यह मांग उठाई जा रही थी कि इन कंडम कमरों को तोड़कर उनकी जगह पर नई बिल्डिंग बनाई जाए।