नोएडा। शहर के सेक्टर, सोसाइटियों और मॉल में गरबा और डांडिया नाइट का आयोजन किया जा रहा है। रंग बिरंगे परिधानों में सजीं महिलाएं इस खुशनुमा शाम का मजा ले रही हैं। महिलाओं के साथ ही पुरुष भी ताल मिला रहे हैं। सोमवार को भी शहर में कई जगह डांडिया नाइट का आयोजन हुआ।
सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया रंगों और खुशियों से जगमगा उठा, जब शॉपिंग फेस्टिवल की शुरुआत धमाकेदार डांडिया नाइट से हुई। गायिका सागरिका देब की जबरदस्त लाइव परफॉर्मेंस ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। फाउंडेशन कृष्ण कला केंद्र के कलाकारों ने लोगों को देर रात तक थिरकने पर मजबूर कर दिया। सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल में डीजे अभि इंडिया और डीजे परिशा ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं सेक्टर-34 स्थित कम्यूनिटी सेंटर में फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए सेक्टर-34 की ओर से आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। इसमें करीब तीन हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। फेडरेशन आरडब्ल्यूए महासचिव धर्मेंद्र शर्मा ने बताया की नवरात्रि के मौके पर नेचर विलेज जिम कॉर्बेट और क्लीयर मेडी अस्पताल के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया।