संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर डेल्टा एक स्थित सत्य सनातन धर्म मंदिर पर बालाजी मानव सेवा समिति की ओर से हनुमान जन्मोत्सव बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अखंड रामचरित मानस पाठ व हनुमान चालीसा सिद्ध पाठ, महा लक्ष्मी महायज्ञ, सुंदर कांड पाठ, दिव्य दरबार का आयोजन किया गया। साथ ही 56 भोग के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
संस्था के मीडिया प्रभारी अमरजीत सिंह और संस्थापक सतेंद्र राघव ने बताया कि समिति का उद्देश्य मेहंदीपुर धाम की तर्ज पर ग्रेटर नोएडा में एक भव्य सनातन धाम मंदिर का निर्माण करना है, जिस पर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। मौके पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज सिंघल, उपाध्यक्ष मुकेश यादव, ओम प्रकाश अग्रवाल, महा सचिव प्रमोद चौहान, मनोज गुप्ता, प्रवीण गर्ग, प्रदीप शर्मा, नितेश प्रताप सिंह सिसोदिया, शिखर गुप्ता आदि रहे। वहीं, सेक्टर अल्फा-1 के शिव मंदिर पर हनुमान जन्मोत्सव व भंडारे का आयोजन किया गया। भारी संख्या में श्रद्धालु ने प्रसाद ग्रहण किया।
भजन क्लबिंग के माध्यम से मनाया हनुमान जन्मोत्सव
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सिटी स्थित राधा कृष्ण पार्क में रामलीला सेवा ट्रस्ट ने अनोखे अंदाज में हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। यहां भजन क्लबिंग के माध्यम से पारंपरिक भक्ति और आधुनिक संगीत का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके बाद भजन संध्या में भक्ति संगीत को आधुनिक शैली में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर वृंदावन के प्रसिद्ध गायक दास-अनुदास ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं रॉक बैंड ने भी भजनों को नए अंदाज में पेश किया। कार्यक्रम स्थल पर राम दरबार की आकर्षक सजावट और हनुमान जी की भव्य झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। मौके पर ट्रस्ट के सदस्य मनीष ने बताया कि यह परंपरा पिछले 10 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है।