रॉबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी में फलो की खरीदारी करते फल विक्रेता। संवाद
सोनभद्र। सूर्याेपासना के महापर्व छठ पूजा के लिए फलों की दुकानें सजने लगी हैं। इस बार महाराष्ट्र के आम, अनार और सिलीगुड़ी के अनानास से छठ व्रतियों की दउरी सजेगी। देश के अलग-अलग राज्य और शहरों से थोक विक्रेता फल मंगा रहे हैं।
बृहस्पतिवार से रॉबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी में फलों की आवक अचानक बढ़ गई है। फलों के फुटकर विक्रेता खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। डाला छठ पूजा में हर तरह के फल चढ़ाए जाते हैं।
अन्य त्योहार के मुकाबले छठ पूजा में फलों की मांग अधिक रहती है। इसको ध्यान में रखते हुए थोक फल विक्रेता बाजार में हर तरह के फल मंगा रहे हैं। रॉबर्ट्सगंज के थोक फल विक्रेताओं की मानें तो छठ पर्व पर बिक्री के लिए महाराष्ट्र के मुंबई से आम मंगाया जा रहा है।
दिल्ली से कीवी और अंगूर तो यूपी के बहराइच से शरीफा फल मंगाए जा रहे हैं। बाराबंकी और भुसावल से केला, कश्मीर से सेब, आंध्र प्रदेश से नारियल, नासिक से अनार की खेप मंगाई जा रही है।
वहीं पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से अनानास, झारखंड के गढ़वा से शकरकंद, प्रतापगढ़ से गन्ना मंगाया जा रहा है। इसके साथ ही छठ पूजा के लिए हल्दी, मकोय, बैर समेत अन्य फलों की मांग अधिक रहती हैं।
इसके मद्देनजर थोक व्यापारियों की तरफ से अलग-अलग प्रांत एवं क्षेत्रों से फल मंगाए जा रहे हैं। थोक फल विक्रेता राज सोनकर और बृजलालदास ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज मंडी से फल पूरे जिले के व्यापारी ले जाते हैं। इस बार छठ पूजा पर फलों की मांग अधिक हैं।