सेक्टर-20 थाने के बाहर धरना देते बजरंग दल के कार्यकर्ता। अमर उजाला
नोएडा। पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले आरोपियों पर देशद्रोह की धारा लगाने की मांग को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को साढ़े तीन घंटे तक कोतवाली सेक्टर-20 के बाहर धरना दिया। इस दौरान एमपी वन रोड पर जाम लग गया और लोगों को काफी परेशानी हुई। जब पुलिस ने देशद्रोह की धारा लगाने के बारे में जानकारी दी तो कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।
ईद-मिलाद-उन-नबी के मौके पर 20 अक्तूबर को सेक्टर-8 में जुलूस निकाला गया था। इसके वायरल वीडियो में कुछ लोग पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मोहम्मद जफर, समीर अली और अली राजा को गिरफ्तार किया था। इस मामले में बृहस्पतिवार को बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता आरोपियों पर देशद्रोह की धारा लगाने की मांग को लेकर सुबह साढ़े दस बजे कोतवाली सेक्टर-20 पहुंच गए। थाने के गेट के सामने बीच सड़क पर कार्यकर्ता बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। सड़क पर धरना देने के कारण बिजली घर से टेलीफोन एक्सचेंज से होते हुए रजनीगंधा व डीएनडी जाने वाले लोग जाम में फंस गए। धरने की सूचना मिलने के बाद एडीसीपी रणविजय सिंह और एसीपी अंकिता शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने धरना दे रहे लोगों को आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर देशद्रोह की धारा लगाने को लेकर जानकारी दी। करीब दो बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता धरने को खत्म कर चले गए।
रूट डायवर्ट, लोग परेशान
जाम के कारण अति व्यस्त सड़क पर जाम लग गया। सेक्टर-12-22 से रजनीगंधा, डीएनडी जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया और बिजली घर तिराहे के पास से वाहनों को 21-25 चौराहे की तरफ से डीएम चौराहे की तरफ भेजा गया। इससे डीएम चौराहा, बिजली घर तिराहा से लेकर अन्य स्थानों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।
नारे लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तीनों जेल में हैं। मामले की विवेचना की जा रही है और इसमें देशद्रोह की धारा भी जोड़ी जा रही है। वीडियो की फॉरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
- रणविजय सिंह, एडीसीपी