विकसित दिल्ली बजट को भाजपा सरकार ने दिया अंतिम रूप, कल से 28 मार्च तक चलेगा सत्र
-
10,000 दिल्ली वालों से सुझाव लिए गए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विकसित दिल्ली बजट को दिल्ली सरकार अंतिम रूप दे रही है। 24 से 28 मार्च तक चलने वाले बजट सत्र में इसे पेश किया जाएगा। सभी वर्गों से लिए गए करीब 10,000 सुझावों को बजट में समाहित किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मीडिया से कहा कि बजट दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं पर सौ फीसदी खरा उतरेगा। बजट दिल्ली सरकार का नहीं, दिल्ली की जनता का है।
बजट पेश होने के साथ ही डबल इंजन की सरकार का काम अगले गियर में सभी को दिखाई देगा, क्योंकि सरकार बनने के तुरंत बाद से दिल्ली को विकसित करने के एजेंडा के साथ सभी विभाग काम कर रहे हैं और सभी वर्गों के लोगो का जीवन सुधारने का ध्येय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए किया गया है। बजट के लिए सरकार ने ईमेल और व्हाट्सएप नंबर जारी किया था। ईमेल पर 3303 और व्हाट्सएप से 6,000 लोगों के सुझाव दिल्ली सरकार को मिले। इसमें डॉक्टर, इंजीनियर, प्रबुद्ध वर्ग, किसान, महिला, छात्र व व्यापारी सहित अन्य लोग शामिलरहे। सरकार दिल्लीवासियों की भागीदारी के लिए धन्यवाद करती है। बजट से एक सकारात्मक परिणाम मिलेगा। इसमें लोगो की अपेक्षाओं का ध्यान रखा गया है। साधारण नागरिकों के साथ ही विशेषकर महिलाओं का ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री के विकसित दिल्ली के सपने को पूरा करने की दिशा में हर क्षेत्र को ध्यान रखेंगे।
महिला सम्मान राशि व 500 रुपये में सिलिंडर का रोडमैप
दिल्ली सरकार के सूत्रों का कहना है कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, ईवी परिवहन व यमुना पर फोकस रहेगा। साथ ही, महिला सम्मान राशि और पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलिंडर गरीबों को देने का रोडमैप पेश होगा। दिल्ली के उद्योगों को बढ़ावा देने और मध्य वर्ग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिल्ली का विकास, खीर की मिठास
सीएम ने कहा कि दिल्ली का विकास, खीर की मिठास के साथ होगा। विधानसभा में विशिष्ट अतिथियों को भी बुलाया जाएगा। बजट सत्र खीर के साथ शुरू होगा। सोमवार को खीर बांटी जाएगी। सीएम ने कहा कि 24 से 28 मार्च तक बजट सत्र बुलाया गया है, लेकिन इसे को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।