लखनऊ। नगर निगम कार्यकारिणी की सामान्य बैठक 24 अक्तूबर को होगी। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सोमवार को इसका आदेश जारी किया है। बैठक में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए बजट बढ़ाए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा नमो वन के लिए जमीन तय करने सहित अन्य प्रस्ताव भी लाए जा सकते हैं।
बीते सप्ताह पार्षदों ने नगर आयुक्त गौरव कुमार से मिलकर कहा था कि 10 करोड़ में सड़कों के गड्ढे नहीं भर पाएंगे। इसके लिए बजट बढ़ाया जाए। नगर आयुक्त ने पार्षदों को बताया था कि सड़क मरम्मत के लिए करीब 40 करोड़ रुपयों की जरूरत है। वह प्रस्ताव बना रहे हैं कि वेंडिंग जोन जैसे कई ऐसे मद हैं जिनका पैसा खर्च नहीं होना है, वो पैसा सड़कों की मरम्मत में खर्च किया जाए। वेंडिंग जोन के लिए 15वें वित्त मद में करीब 10 करोड़ का बजट पास हुआ है। ऐसे में वेंडिंग जोन मद का पैसा लिया जा सकता है। इस पर पार्षदों ने कहा था कि कार्यकारिणी की स्वीकृति की प्रत्याशा में बजट पास कर दिया जाए। नगर आयुक्त ने कहा था कि यह उनके अधिकार में नहीं है। इसके लिए महापौर की मंजूरी जरूरी है।
इसके बाद पार्षदों ने भाजपा पार्षद दल के उप नेता सुशील तिवारी पम्मी को यह जिम्मेदारी दी थी कि वह महापौर के बात करके नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक बुलाएं, जिससे दूसरे मदों में आवंटित वह पैसा जो खर्च नहीं होना है, उसे सड़क के गड्ढे भरने के काम में प्रयोग किया जा सके। इस चर्चा के बाद अब 24 अक्तूबर को कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है।