मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक कॉलोनी निवासी प्रेमी सोनू ने शुक्रवार रात फिल्मी स्टाइल में प्रेमिका के घर पहुंचकर प्रेमिका व उसके होने वाले पति को गोली मारने की धमकी दी। सोनू का लगभग ढाई साल से प्रेमिका से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन बाद प्रेमिका की शादी है। इसी से नाराज होकर सोनू प्रेमिका के घर पहुंचा। पुलिस ने युवती के परिजनों की तहरीर पर सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में लग गई है।
सरधना रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी युवक सोनू का अपने पड़ोस की कॉलोनी में रहने वाली एक युवती से लगभग ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लगभग 6 महीने पूर्व परिजनों युवती के परिजनों को प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई। इसके बाद परिजनों ने युवती का घर से निकलना बंद कर दिया। वहीं युवती की शादी तय कर दी। दो दिन बाद युवती की शादी है। शादी की जानकारी मिलने पर सोनू शुक्रवार रात प्रेमिका के घर पहुंच गया। यहां सोनू ने परिजनों के साथ जमकर गाली गलौज की। सोनू ने प्रेमिका व उसके होने वाले दूल्हे को गोली मारने की धमकी दी। सोनू की बात सुनकर परिजन परेशान हो गए। धमकी देने के बाद सोनू मौके से भाग गया। परिजनों ने थाने पर तहरीर देते हुए सोनू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। आरोपी की तलाश में दो टीम काम कर रही हैं। युवती के परिजनों को सुरक्षा दी जाएगी।