- 40 जगहों पर सुरक्षा के उपाय करने का काम शुरू
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में तिगरी से चार मूर्ति चौक तक डासना नाले पर सुरक्षा दीवार बनेगी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण ने 40 दुर्घटना संभावित बिंदुओं पर काम शुरू किया है। यहां नाले पर सुरक्षा दीवार बनाने से लेकर क्रॉस बैरियर लगाने जैसे काम किए जाने हैं। ग्रेनो वेस्ट के अलावा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के आसपास अधिकांश बिंदु चिह्नित किए गए हैं जहां हादसे का खतरा बना रहता है।
परियोजना विभाग ने हादसे रोकने के लिए खुले नालों को प्रीकास्ट कवर से ढंकने के अलावा कई दूसरे उपायों पर भी काम शुरू कराया है। ग्रेनो वेस्ट के तिगरी से चार मूर्ति चौक के बीच डासना नाला को सुरक्षा दीवार बनाकर वाहनाें के लिए सुरक्षित किया जाना हैै। इसके निर्माण के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी तरह पौवारी गांव से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के अंडरपास तक लगभग 700 मीटर की दूरी में सड़क को चौड़ी करने का काम चालू है। यहां सड़क किनारे दोनों तरफ क्रैश बैरियर लगाया जाएगा। इसकी निविदा जारी की जा चुकी है। सड़क के दोनों तरफ 40 फीट तक गहरी खाई बनी हुई है। पूर्व में कई हादसे यहां हो चुके हैं।
पिछले दिनों सेक्टर ओमेगा-1 में नाले के खुले मैनहोल में बच्चे के गिरने और सेक्टर इकोटेक-3 में कार के नाले में गिरने के बाद प्राधिकरण ने इस पर काम तेज किया हैै। इन घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने दुर्घटना संभावित सभी स्थानों पर सुरक्षा के मजबूत उपाय करने के निर्देश दिए थे। जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह के मुताबिक नालों के ऊपर कवर रखने, सुरक्षा दीवार बनाने, क्रैश बैरियर लगाने का काम अगले दो महीने में पूरा हो जाएगा। कुछ जगहों पर फेंसिंग भी कराई जा रही है। नालों के कवर रखने का काम प्राथमिकता पर चालू है। ग्रेनो वेस्ट में एटीएस रोटरी से हनुमान मंदिर तक भी नालों को इस काम में शामिल किया गया है।