निजी एजेंसी के जरिए लावारिस कुत्तों का सर्वे करेगा प्राधिकरण
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में लावारिस कुत्तों की संख्या पता करने के लिए नोएडा प्राधिकरण निजी एजेंसी के जरिए सर्वे करेगा। सर्वे के लिए प्राधिकरण जल्द रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी करेगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि कुत्तों के सर्वेक्षण के लिए शहर की अलग-अलग आरडब्ल्यूए, एओए को पत्र लिखा जा चुका है। इनके माध्मय से लावारिस कुत्तों का डाटा एकत्रित किया जा रहा है। सटीक डाटा एकत्रित करने के लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया, करीब दस दिन में एजेंसी के चयन के लिए आरएफपी जारी कर दी जाएगी। यह एजेंसी सटीक डाटा प्राधिकरण को देगी, इसके बाद आगे की प्रकिया की जाएगी। शहर में लावारिस कुत्तों को 15 सितंबर से एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई जा रही है। प्राधिकरण के जरिए अधिकृत एजेंसी की टीमें अलग-अलग सेक्टरों में जाकर इस प्रक्रिया को कर रही हैं। अब तक 700 से अधिक कुत्तों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। हरौला, झुंडपुरा, नयाबांस, मोरना समेत अन्य गांवों में यह टीका लगाने का काम तकरीबन पूरा हो गया है।