प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा में 40 करोड़ रुपये की जमीन कराई खाली
ननवा का राजपुर में अवैध निर्माण तोड़कर खाली कराई करीब 20 हजार वर्गमीटर जमीन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण तोड़कर ननवा का राजपुर में करीब 40 करोड़ रुपये की जमीन खाली कराई है। यहां करीब 20 हजार वर्गमीटर में निर्माण चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, ननवा का राजपुर में बिल्डर द्वारा बिना अनुमति के प्राधिकरण क्षेत्र में प्लाॅट विकसित कर बेचे जा रहे थे। इसकी शिकायत मिलने पर सीईओ एनजी रवि कुमार ने भूलेख और परियोजना विभाग को कार्रवाई करने के लिए कहा था। इसके बाद यहां हुए साइट ऑफिस, बाउंड्रीवाल व अन्य निर्माण तोड़े गए। करीब दो घंटे तक यहां कार्रवाई चालू रही। जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि ननवा का राजपुर के खसरा नंबर 156 व आसपास की जमीन पर यह निर्माण किए जा रहे थे। प्राधिकरण क्षेत्र में शामिल इस जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसके लिए नक्शा स्वीकृति या प्राधिकरण से अनुमति भी नहीं ली गई। इसके बाद ओएसडी रामनयन सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह ने सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में निर्माण तोड़वाए।
एसीईओ सुमित यादव का कहना है कि अधिसूचित क्षेत्र में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए निर्माण नहीं किया जा सकता है। ऐसे अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खरीदार भी ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।