नोएडा। अट्टा मार्केट में जूते-चप्पल की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अट्टा गांव निवासी नंदन ठाकुर ने पुलिस से शिकायत की है कि आठ मई की दोपहर दुकान के सामने खड़े होने का विरोध करने पर पवन यादव और पवन शाह भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। दोबारा टोकने पर नंदन ठाकुर और उनके मामा धर्मेंद्र झा के साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव के लिए आने पर उनके पिता के साथ भी मारपीट की गई। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।