रेहड़। रविवार को गांव नारायण वाला में गुलदार के तीन लोगों को जख्मी कर दिया था। वन विभाग ने यहां पिंजरा लगाया लेकिन 30 घंटे बीतने के बाद भी गुलदार उधर नहीं आया। सोमवार को भाजपा विधायक सुशांत सिंह हमले में घायल राज सिंह, दिलीप सिंह निवासी नारायण वाला तथा निहाल निवासी फतेहपुर धारा के घर गए।
विधायक ने वन संरक्षक मुरादाबाद से बात कर घायलों को अधिक से अधिक आर्थिक मदद दिलाने तथा गुलदार को पकड़ने की व्यवस्था करने को कहा। सीएमओ बिजनौर को घायलों को लगने वाले एंटी रैबीज सुगमता से अफजलगढ़ सीएचसी पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग की लापरवाही से गुलदार नही पकड़ा जा सका है जो सभी के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने गुलदार के तत्काल पकड़े जाने की मांग की।
उधर, अमानगढ़ रेंजर अंकिता किशोर ने बताया कि रविवार रात पिंजरे में बकरी बांधी गई थी लेकिन गुलदार पिंजरे में नहीं आया। सोमवार की सुबह घटना स्थल से एक किलोमीटर क्षेत्र में कांबिंग की गई थी। जिस खेत में गुलदार के होने की संभावना जताई जा रही थी, वहां भी तलाश किया गया। संभवत: वह कहीं और चला गया है।