धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
जालौन की महिला से दो लाख रुपये ठगने और फोटो वायरल करने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। महिला पर धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाने वाले आरोपी को कोतवाली फेज टू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला से दो लाख रुपये की ठगी भी की थी और फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मूलरूप से जालौन की रहने वाली महिला ने पुलिस से शिकायत की थी कि वह कुछ समय पहले तक नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। इस कंपनी में लखीमपुर खीरी निवासी आजिम उर्फ नाजिम भी काम करता था। यहां दोनों की मुलाकात हुई। आरोप है कि आजिम ने उसे झांसे में लेकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे आरोपी ने उससे दो लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद आरोपी ने उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करके निकाह करने के लिए दबाव बनाने लगा। जब महिला ने मना कर दिया तब आरोपी ने महिला के फोटो और वीडियो से छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले में जालौन पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर नोएडा पुलिस को केस ट्रांसफर कर दिया था।