लखनऊ। एसीपी चौक कार्यालय में तैनात पेशी हेड राधेश्याम सिंह ने नौकरी के नाम पर ठगी करने के आरोपी आजमगढ़ के मुबारकपुर निवासी अबू साद पर खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बता कर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने चौक थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
सिपाही राधेश्याम के मुताबिक सात अक्तूबर को रात करीब 8:45 बजे उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अफसर आशुतोष शर्मा बताते हुए ठाकुरगंज थाने में शालू वर्मा की ओर से ठगी के मामले दर्ज केस की जानकारी मांगी। सिपाही के मना करने पर उसने धमकी देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध पर आरोपी ने कॉल काट दी। जांच में सामने आया कि कॉल अबू साद ने की थी, जिसके खिलाफ उन्नाव के अरसइंदा गुजौली निवासी शालू वर्मा ने नौकरी के नाम पर ठगी करने के आरोप में केस दर्ज कराया था। पहले मामले की जांच ठाकुरगंज थाने में तैनात दरोगा रवींद्र कुमार कर रहे थे। मामले में आरोपी ने दरोगा रवींद्र कुमार, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और दरोगा अमर सिंह से भी अभद्रता और गाली-गलौज किया था। ऐसे में मामले की रिपोर्ट एसीपी चौक कार्यालय आई थी। राधेश्याम ने साक्ष्य के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिए दो अक्तूबर को अबू साद को कॉल कर बुलाया था। इस कारण आरोपी ने धमकी दी। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक जिस नंबर से पेशी हेड को कॉल की गई थी उस आधार पर आरोपी की लोकेशन पता की जा रही है।