प्रधान के घर पर फायरिंग करने के मामले का सीसीटीवी फुटेज
डासना/गाजियाबाद। थार सवारों ने ग्राम दीनानाथपुर पूठी में ग्राम प्रधान के घर पर कई राउंड फायरिंग की। अलग-अलग असलहों से हुई फायरिंग के दौरान ग्राम प्रधान के बेटे ने घर के अंदर घुसकर अपनी और परिजनों की जान बचाई। हथियार लहराते हुए युवक थार से ही ग्राम प्रधान के कार्यालय पर पहुंचे और फायरिंग की। ग्राम प्रधान के घर पर हुई फायरिंग की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्राम प्रधान के बेटे अनुज यादव ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित तीन आरोपियों के खिलाफ वेव सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे काली थार कार सवार कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान के घर पर फायरिंग की है। पूछताछ में ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव के बेटे अनुज यादव ने बताया कि गांव में ही रहने वाले पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र यादव वोट न देने पर उनके परिवार से रंजिश रखते हैं।
अनुज के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने घर के गेट पर खड़े थे। इसी दौरान गांव के ही नरेंद्र व सुनील पुत्र जयवीर यादव और पवन यादव पुत्र कालू यादव निवासी दीनानाथपुर पूठी थार कार से आए और तीनों ने उन पर रिवाल्वर और बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर वह जान बचाकर घर के अंदर छिप गए। घर पर फायरिंग करने के बाद थार सवार उनके पिता के कार्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने कार्यालय पर भी कई गोलियां दागी। घर और कार्यालय पर फायरिंग करके आरोपी भाग गए। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची वेव सिटी पुलिस ने घटना की जानकारी ली और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिए। प्रधान वीरेंद्र यादव के कार्यालय पर लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने खंगाला। एसीपी प्रियाश्री पाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।