-प्राधिकरण ने निरस्त किया, अब नए सिरे से फिर जारी किया जाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में सुरक्षा-व्यवस्था व निगरानी और बेहतर करने के लिए सेफ सिटी परियोजना का टेंडर नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को 7 महीने बाद निरस्त कर दिया। यह टेंडर अप्रैल में जारी किया गया था, इसके बाद प्राधिकरण लगातार समय बढ़ा रहा था।
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि टेंडर जारी करने के बाद 15-16 एजेंसियों की तरफ से सुधार को सुझाव दिए गए थे। कुछ बदलाव भी प्राधिकरण ने परीक्षण के बाद करवाए। फिर आखिर में टेंडर निरस्त करने का फैसला लिया गया। अब नए सिरे से परियोजना का प्रारूप व चुनी जाने वाली एजेंसी के लिए शर्तें तैयार करवाकर फिर से टेंडर जारी किया जाएगा। पहले जारी हुए टेंडर में परियोजना की लागत 208 करोड़ रुपये अनुमानित है। इसमें पूरे शहर में 2100 कैमरे व अलग से कंट्रोल रूम, छोटी डिजिटल फॉरेंसिक लैब, 13 थानों को जोड़ा जाना शामिल था। लगने वाले कैमरे अलग-अलग तरह के होंगे।
इनमें पैन टिल्ट जूम, बुलेट और ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर व सामान्य सीसीटीवी होंगे। इनको लगाए जाने वाली 561 लोकेशन हॉटस्पॉट के तौर पर कमिश्नरेट पुलिस ने चिन्हित कर दी थीं। इन लोकेशन में स्कूल, कॉलेज के गेट व बाहर की सड़क, मार्केट, पार्क, भीड़भाड़ वाली जगह व क्राइम के हॉटस्पॉट भी शामिल किए गए थे। इन लोकेशन में वह 100 सड़कें भी शामिल की गई हैं जिन पर सीसीटीवी नहीं लगे या आईटीएमएस से कवर नहीं हो पा रहीं थी। प्राधिकरण के ओएसडी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि अब दोबारा से टेंडर जारी किया जाएगा।