ऐस सिटी सोसाइटी निवासियों ने बंदर को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। हाईराइज सोसाइटियों में करोड़ों रुपये के फ्लैट खरीदने वाले लोग इन दिनों बंदरों के आतंक से परेशान हैं। बंदरों के झुंड ने ग्रेनो वेस्ट स्थित ऐस सिटी सोसाइटी के लोगों को कमरों में कैद कर दिया है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों का कहना है कि सुरक्षा और सुविधाओं के बड़े-बड़े दावों के बीच बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं गेट नंबर-2 पर लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या ने निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि प्रवेश द्वार के आसपास गाय, सांड, कुत्ते और बंदरों की मौजूदगी से सुरक्षा खतरा पैदा हो गया है। पैदल चलने वाले लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
निवासियों ने बताया कि गेट नंबर-2 सोसाइटी के सबसे व्यस्त हिस्सों में से एक है, जहां से बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवाजाही करते हैं। लावारिस पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने से कई बार वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि जिस शहर में लोग लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर अपने सपनों का घर खरीद रहे हैं, वहां सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिलना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर बंदरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।
बंदरों की समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। बच्चे और बुजुर्ग अकेले बाहर जाने से डरते हैं। कई बार बंदर घरों की बालकनी में घुसकर सामान भी नुकसान पहुंचा चुके हैं। - अंकित गुप्ता,निवासी
सुबह और शाम के समय बंदरों की संख्या काफी बढ़ जाती है। बच्चों को पार्क में खेलने भेजने में भी डर लगता है। शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। - मनीष दुबे, एओए अध्यक्ष
लोगों ने लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदे हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर परेशानी बनी हुई है। बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत है। - पवन गौतम, निवासी
महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार बंदर अचानक सामने आ जाते हैं, जिससे डर का माहौल बन जाता है। इस समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए। - मनमोहन गुप्ता, निवासी
ग्रेेनो वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में बंदरो का आतंक, निवासी परेशान। स्रोत निवासी
ग्रेेनो वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में बंदरो का आतंक, निवासी परेशान। स्रोत निवासी
ग्रेेनो वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में बंदरो का आतंक, निवासी परेशान। स्रोत निवासी