सेक्टर-20, 58, 63, 113 और सेक्टर-49 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
नंबर गेम-7.50 किलो गांजा बरामद
नोएडा (संवाद)। गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े सात किलो गांजा बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों में कई ने दिल्ली से गांजा लाकर नोएडा में बेचने की बात कही है। पुलिस ने 21 से 27 नवंबर के बीच थाना सेक्टर-20, सेक्टर-58, सेक्टर-63, सेक्टर-113 और सेक्टर-49 क्षेत्रों में कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा है।
सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में 24 से 26 नवंबर के बीच तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में रोहित कुमार, आकाश और रोहित को दबोचा गया। सेक्टर-119 में एल्डिको आमंत्रण सोसाइटी के गेट के पास मंगलवार की रात ई-रिक्शा चालक साहिबे आलम को करीब आधा किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। उसका ई-रिक्शा जब्त कर लिया गया है। वहीं सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में 21 नवंबर की रात आरिफ और सावन को गांजा बेचते पकड़ा गया। सेक्टर-61 सामुदायिक केंद्र के पास सर्विस रोड पर रोहित पाल, सेक्टर-49 में गौरव को मौके से काबू किया गया। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई नेटवर्क और अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।