बोनस की मांग को लेकर प्राधिकरण के अस्थाई कर्मचारियों का प्रदर्शन
नोट- फोटो है।
-2.5 प्रतिशत ठेकेदारी व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों ने सोमवार को कामकाज ठप कर किया प्रदर्शन, आश्वासन पर वापस काम पर लौटे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दिवाली पर सफाई कर्मचारियों को 14,500 रुपये बोनस मिलने के बाद प्राधिकरण में ठेकेदारी व्यवस्था के तहत तैनात कर्मचारियों ने भी मांग उठाई है। 2.5 प्रतिशत ठेकेदारी व्यवस्था में तैनात जल-सीवर, सिविल, बिजली आदि विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार को कामकाज ठप कर प्राधिकरण के सेक्टर-56 स्थित दफ्तर के बाहर दिन भर प्रदर्शन किया। शाम को अधिकारियों के आश्वासन के बाद काम पर वापस लौटे।
ठेकेदारी व्यवस्था के तहत प्राधिकरण में करीब 4500 कर्मचारी अलग-अलग विभागों में तैनात हैं। ये जल, सीवर के अलावा अलग-अलग दफ्तरों में सहायक, कम्प्यूटर ऑपरेटर समेत अन्य काम करते हैं। अस्थाई कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों के धरने में जल विभाग के प्रभारी जीएम आरपी सिंह वार्ता के लिए वरिष्ठ प्रबंधकों के साथ पहुंचे। जीएम ने कर्मचारियों से कहा कि बोनस की मांग को एसीईओ-सीईओ के सामने रखा जाएगा। बाकी मांगों पर भी विचार किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के अलावा जो अस्थाई कर्मचारी हैं इनको भी बोनस मिलना चाहिए। जीएम ने मांगों पर तीन दिन का समय लिया है।