कानपुर। जाजमऊ थानाक्षेत्र में बुधवार रात एक किशोर ने साढ़े छह साल की बच्ची को एक प्लाॅट में बने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका साथी वहीं खड़ा रहा। बालिका के चिल्लाने पर आसपास के लोग कमरे में पहुंचे और दोनों को पकड़कर पुलिस को साैंप दिया है। पिता की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच कर रही है।
छबीलेपुरवा क्षेत्र निवासी पीड़ित के पिता के मुताबिक बुधवार रात इलाके के दो किशोर उनकी साढ़े छह साल की बेटी को चाॅकलेट का लालच देकर पास के प्लाॅट में बने खाली कमरे में ले गए। वहां एक ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया जबकि उसका साथी वहीं खड़ा था। बेटी के चिल्लाने की आवास सुनकर जब आसपास के लोग कमरे में पहुंचे तो किशोरी रोने लगी। वहीं दोनों किशोर भागने लगे। इस पर लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। इसमें एक की उम्र आठ साल और दूसरे की 13 साल बताई जा रही है। वहीं परिजनों के माैके पर पहुंचने पर बच्ची उनसे लिपटकर रोने लगी। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बालिका बोली, मुंह दबाते हुए ले गया था
सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें बालिका कह रही है कि एक किशोर उसका मुंह दबाते हुए उसे ले गया था और उसने उसके साथ गलत काम किया। परिजनों के पूछने पर बालिका ने उसे पहचानने से इन्कार कर दिया।