फोटो05सीकेटीपी-23- परिचय- घटना स्थल पर दीवार व छत पर मांस के लोथडे व खून की जांच करते एसपी अरुण
चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में करीबी परिचित के घर खेल-खेल में तमंचे से गोली चल गई। जिसमें 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी के परिजन मामले को दबाने के लिए अज्ञात पर हत्या करने का आरोप लगाते रहे, लेकिन पुलिस खेल के दौरान गोली चलने की बात कह रही थी। 10 घंटे तक चली छानबीन के बाद पुलिस का शक सही निकला। कई बार हुई पूछताछ के बाद आरोपी के परिजनों ने घटना स्वीकारी। पुलिस ने घर से तमंचा बरामद किया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में जल विहार कार्यक्रम था। जिसे देखने के लिए गांव के एक परिवार के परिचित मां-बेटा आए थे। कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों परिचित किशोर एक बक्से में गद्दे रख रहे थे। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर घर में मौजूद लोग दौड़ पड़े। आनन-फानन में घायल किशोर को जिला अस्पताल ले गए।
जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी, सीओ और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। परिवार के लोगों का कहना था कि किसी ने खिड़की से गोली मारकर किशोर की हत्या की है। हालांकि पुलिस के गले यह बात नहीं उतर रही थी। पुलिस का मानना था कि खेल-खेल में गोली चली है। मामले में देर शाम तक पुलिस छानबीन करती रही।
कई बार परिवार के लोगों से पूछताछ की, लेकिन वह लोग गुमराह करते रहे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नजदीक से गोली मारने की बात सामने आई तो पुलिस ने फिर से पूछताछ की। जिसके बाद परिवार के लोगों ने मृतक के साथ गद्दे रखवा रहे किशोर के फायरिंग करने और गोली लगने की बात स्वीकारी। खुलासा होने के बाद पुलिस ने घर से तमंचा बरामद किया है। उसमें कारतूस फंसा मिला है।
-
पहले परिवार के लोग गुमराह कर रहे थे। 10 घंटे तक चली छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद फिर से पूछताछ की गई तो खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम में एक ही गोली लगने की पुष्टि हुई है। बरामद तमंचे में कारतूस फंसा मिला है। करीबी परिचित परिवार का कहना है कि तमंचा मृतक ही लेकर आया था। वहीं मृतक के परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। फिलहाल बीएनएस की धारा 106 (1) (किसी लापरवाही या जल्दबाजी में किए गए कार्य के कारण किसी व्यक्ति की मौत होना) में दर्ज किया है।
- अरुण कुमार सिंह, एसपी बांदा
फोटो05सीकेटीपी-23- परिचय- घटना स्थल पर दीवार व छत पर मांस के लोथडे व खून की जांच करते एसपी अरुण