तकनीकी खराबी से पेपर में देरी, छात्रों ने किया हंगामा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आदर्श परीक्षा केंद्र में तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को सरकारी परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। इससे गुस्साए छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के समझाने पर वे शांत हुए और शाम पांच बजे परीक्षा शुरू हो सकी। छात्रों ने बताया कि उन्होंने परीक्षा के हिसाब से ट्रेन का टिकट बुक किया है। ऐसे में परीक्षा देर से शुरू होगी तो उनकी ट्रेन छूट जाएगी।
एससीपी उमेश कुमार ने बताया कि केंद्र पर पहले से पुलिसकर्मी मौजूद थे। हालांकि परीक्षा केंद्र पर दो से ढाई हजार छात्रों की भीड़ होने के कारण अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस ने छात्रों को शांत कराया और उन्हें भरोसा दिलाया कि परीक्षा जरूर कराई जाएगी। करीब शाम 5 बजे छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया जिसके बाद परीक्षा प्रक्रिया शुरू हो सकी।
आदर्श परीक्षा केंद्र में दो से ढाई हजार छात्र टाइपिंग टेस्ट देने पहुंचे थे। टेस्ट शाम चार बजे से शुरू होना था लेकिन तकनीकी समस्या के चलते पेपर समय पर अपलोड नहीं हो पाया। इस कारण बड़ी संख्या में छात्र केंद्र के बाहर ही इंतजार करते रहे। साढ़े तीन बजे तक जब छात्रों को प्रवेश नहीं मिला तो उन्होंने शोर शराबा करना शुरू कर दिया।