- राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12 के कई शिक्षकों ने ली सदस्यता, अन्य शिक्षकों से भी किया जा रहा संपर्क
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। राजकीय जिला पुस्तकालय अब केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इंटर कॉलेजों के शिक्षकों के लिए भी ज्ञान और अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। पुस्तकालय प्रबंधन की ओर से राजकीय इंटर कॉलेजों के शिक्षकों को पुस्तकालय की सदस्यता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं।
सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के कई शिक्षकों ने जिला पुस्तकालय की सदस्यता ग्रहण कर ली है। कुछ शिक्षक अभी सदस्यता लेने की प्रक्रिया में हैं और जल्द ही वे भी पुस्तकालय से जुड़ जाएंगे। इसके अलावा अन्य इंटर कॉलेजों के शिक्षक भी सदस्यता लेने की योजना बना रहे हैं। होशियारपुर बालिका इंटर कॉलेज के प्रबंधकों से संपर्क कर वहां के शिक्षकों को भी पुस्तकालय से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
शिक्षकों को मिलेंगे कई लाभ
पुस्तकालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षकों के पुस्तकालय से जुड़ने से अध्ययन का माहौल और बेहतर होगा। शिक्षकों को अपने विषय से संबंधित नई पुस्तकों, शोध सामग्री और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध संदर्भ पुस्तकों और डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग कर सकेंगे। शिक्षक विद्यार्थियों को पुस्तकालय के महत्व और इसके उपयोग के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
विद्यार्थियों के लिए बढ़ाया गया समय
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पुस्तकालय के संचालन का समय भी बढ़ाया गया है। अब पुस्तकालय सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक खुलता है। अतिरिक्त समय का लाभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को मिल रहा है।
लाइब्रेरी प्रभारी रघुराज भाटी ने बताया कि सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के कई शिक्षक पुस्तकालय की सदस्यता ले चुके हैं। कुछ शिक्षक अभी सदस्यता लेने से रह गए हैं, वे भी जल्द ही जुड़ जाएंगे। होशियारपुर बालिका इंटर कॉलेज के शिक्षकों से भी संपर्क कर उन्हें पुस्तकालय की सदस्यता लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।