- दिसंबर तक स्टेडियम का काम पूरा करने के लिए दिए निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। केंद्र सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री व आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी रविवार को यमुना सिटी के दनकौर पहुंचे। दनकौर में उन्होंने किसान आदर्श इंटर कॉलेज के परिसर में युवाओं के लिए बन रहे इंडोर स्टेडियम का औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की। इस स्टेडियम का निर्माण सांसद निधि की 2 करोड़ रुपये की राशि से किया जा रहा है।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी रविवार को बिना सूचना के दनकौर पहुंचे थे। उन्होंने दिसंबर तक स्टेडियम के काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनने के बाद दनकौर क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष जनार्दन अजीत दौला, हरवीर सिंह तालान, मनवीर भाटी, अनीता चौधरी, सुबोध प्रधान, मनोज नागर, हरिओम भाटी समेत विभिन्न लोग मौजूद रहे।
कंप्यूटर लैब और केंद्रीय विद्यालय भी बनवाएंगे
निरीक्षण के बाद जयंत ने आसपास के गांवों में भी लोगों से बात की। उन्होंने बताया कि स्टेडियम के साथ ही कालेज में अत्याधुनिक सुविधाओं के लैस कंप्यूटर लैब का निर्माण कराया जाएगा। क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय बनवाने की दिशा में भी काम किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था मुहैय्या हो सके।