रबूपुरा में हुई थी तांडव की शूटिंग, निर्देशक व अमेजन प्राइम हेड समेत 7 पर केस
ग्रेटर नोएडा/रबूपुरा। रबूपुरा थाने में सोमवार देर रात वेब सीरीज तांडव के निर्देशक, अभिनेता-अभिनेत्री और अमेजन प्राइम की इंडिया हेड समेत सात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बसपा नेता ने धार्मिक भावनाएं आहत करने, दलितों के लिए अपमानजनक शब्द प्रयोग करने और यूपी पुलिस की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एससी/एसटी एक्ट, धार्मिक भावनाएं भड़काने आदि धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, रोनिजा गांव निवासी बसपा के पूर्व जिला प्रभारी बलवीर आजाद ने रबूपुरा थाने में दर्ज कराई एफआईआर में आरोप लगाया है कि तांडव की शूटिंग क्षेत्र के गांव निलोनी, मिर्जापुर और उटरावली में की गई है। इसमें दिखाया गया है कि वर्दी पहने हुए दो कलाकार गालियां बकते हुए शराब पी रहे हैं। इसमें यूपी 112 का वाहन और पुलिसकर्मियों की वर्दी में बैच भी यूपी पुलिस का लगा हुआ है। इससे यूपी पुलिस की छवि खराब हो रही है। हिंदू देवी-देवताओं का अमर्यादित और अभद्र रूप दिखाया गया है। प्रधानमंत्री पद के अभिनय का चित्रण भी जानबूझकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को आघात पहुंचाने के लिए किया गया है। जातिगत और सामुदायिक कथन भी जानबूझकर द्वेष भावना पैदा करने के लिए किए गए हैं। दलित जाति को अपमानित करने वाले दृश्य और संवाद भी हैं। राज्य की पुलिस, लोक प्रशासन व संवैधानिक पदों के खिलाफ गलत प्रचार किया गया है। ये सब ख्याति व अत्यधिक व्यावसायिक लाभ प्राप्त करने के लिए किया गया है। फिल्म के निर्देशक, लेखक, अभिनेता, अभिनेत्री और अमेजन प्राइम के इस कृत्य से समाज का आपसी सौहार्द, लोकशांति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इन पर दर्ज किया गया केस
तांडव वेब सीरीज के निर्देशक अली अब्बास, अमेजन प्राइम इंडिया की हेड अपर्णा पुरोहित, लेखक हिमांशु कृष्ण मेहरा, गौरव सोलंकी, अभिनेता सैफ अली खान, सुनील ग्रोवर व अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया।
मुंबई के लिए रवाना होगी पुलिस टीम : डीसीपी
निर्देशक, लेखक, अभिनेता, अभिनेत्री सात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में आवश्यकता पड़ने पर पुलिस टीम मुंबई के लिए रवाना कर दी जाएगी। - राजेश कुमार सिंह, डीसीपी ग्रेटर नोएडा