ग्रेटर नोएडा (संवाद)। डेल्टा-2 स्थित बेथनी कॉन्वेंट स्कूल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आरएफसी टैलेंट हंट प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, रंगोली, मेहंदी, हास्य अभिनय आदि स्पर्धाओं में मुकाबला किया। प्रधानाचार्या डॉ. शिल्पा मेरी ने विद्यार्थियों से सजग, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
पर्यावरण संकल्प यात्रा का आयोजन
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस डिजाइन व इनोवेशन एकेडमी (आईएमएस-डीआईए) में पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पौधरोपण के साथ हुआ। जिसमें पर्यावरणविदों, सामाजिक संगठनों से जुड़े युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में ट्री मैन एवं गिफ्ट ए ट्री नेटवर्क के चेयरपर्सन डॉ. दीपक रमेश गौड़ ने सहस्रधारा ज्ञान फाउंडेशन के प्रतिनिधि दीपक वर्मा को प्रतीकात्मक बैटन सौंपकर यात्रा को नोएडा से देहरादून तक आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी। दीपक वर्मा ने कहा कि यात्रा गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी।
कार्बन पृथक्करण पर कार्यशाला
नोएडा (संवाद)। किसानों और हितधारकों को जलवायु अनुकूल व स्थायी खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एमिटी विश्वविद्यालय में कार्यशाला हुई। एमिटी फूड एंड एग्रीकल्चर फाउंडेशन की ओर से आयेाजित राष्ट्रीय कार्यशाला में विभिन्न राज्यों से आए 70 से अधिक किसानों, नीति निर्माताओं, अधिकारियों और छात्रों ने सहभागिता की। कार्यशाला का उद्घाटन पद्मश्री व रानी लक्ष्मीबाई सेंट्रल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. अरविंद कुमार, एमिटी शिक्षण समूह के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार चौहान, डॉ. रंजय कुमार सिंह, डॉ. डब्ल्यू सेल्वामूर्ति, नवीन तथा डॉ. नूतन कौशिक ने किया।