टेलीग्राम पर टास्क पूरे कराने के बहाने कराया निवेश, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। वर्क फ्रॉम होम के जरिए अतिरिक्त कमाई की चाहत युवक को भारी पड़ गई। साइबर जालसाजों ने ऑनलाइन टास्क पूरा करने और मोटा मुनाफा मिलने का भरोसा देकर युवक से 13.34 लाख रुपये हड़प लिए। शुरुआती लेनदेन में भुगतान कर भरोसा जीतने के बाद ठगों ने लगातार अधिक निवेश का दबाव बनाया। इस मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी सौरभ शर्मा ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2025 में व्हाट्सएप पर महिला ने स्वयं को निजी कंपनी की प्रतिनिधि बताते हुए घर बैठे काम करने का प्रस्ताव दिया। उसने उसे टेलीग्राम चैनल से जोड़ दिया, जहां विदेशी प्रॉपर्टियों की ऑनलाइन रेटिंग बढ़ाने से जुड़े टास्क दिए जाते थे। शुरू में छोटे कार्य पूरे करने पर कुछ रुपये उनके खाते में भेजे गए। कुछ दिन बाद अधिक कमाई का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराने को कहा गया। भरोसे में आकर पीड़ित ने 27 जुलाई से आठ अगस्त 2025 के बीच 13,34,406 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो पैसे मिले और न ही आरोपियों से संपर्क हो सका।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की पड़ताल कर रही है।