एशिया चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
ऑल इंडिया रैंकिंग सब-जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट में दर्ज की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। शहर के स्वयंधूति घोष और शौर्य सिंह राणा की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है। हरियाणा के पंचकूला में संपन्न ऑल इंडिया रैंकिंग सब-जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट (अंडर-15 डबल्स) में दोनों खिलाड़ियों ने रोमांचक जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन के साथ दोनों ने भारतीय सब-जूनियर टीम में जगह पक्की कर ली है। अब वे चीन में आयोजित होने वाली एशिया सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टूर्नामेंट के फाइनल में स्वयंधूति-शौर्य ने विवान बिष्ट और चिन्मय कृष्ण की जोड़ी को कड़े संघर्ष में 20-22, 25-23 और 21-17 से हराया। पहले सेट में शहर की जोड़ी को 20-22 से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे सेट में दोनों ने दबदबा दिखाते हुए 25-23 से वापसी की। अंत में निर्णायक सेट में 21-17 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। जूनियर एशिया कप में दोनों खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। प्रतियोगिता की शुरुआत से ही दोनों खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा। इससे पहले के मुकाबलों में स्वयंधूति और शौर्य की जोड़ी ने आसान जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में इस जोड़ी ने प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को 21-14, 21-11 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। वहीं, सेमीफाइनल में भी दोनों खिलाड़ियों ने उदयन और शवाजी सेलार को सीधे सेट में 21-16, 21-15 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
सेक्टर-104 स्थित सनराइज शटलर्स अकादमी की मुख्य कोच डॉ. कुसुम सिंह ने बताया कि स्वयंधूति और शौर्य ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। भविष्य में इनसे और भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। शौर्य सिंह राणा उत्तराखंड से हैं और स्वयंधूति घोष पश्चिम बंगाल से हैं। दोनों खिलाड़ी फिलहाल सेक्टर-104 स्थित सनराइज शटलर्स अकादमी में रहकर प्रशिक्षण ले रहे हैं और यहीं से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। शहर के खेलप्रेमियों का कहना है कि यह जीत नोएडा को युवा खेल प्रतिभाओं का नया गढ़ साबित कर रही है।