साहिबाबाद। टीलामोड़ निवासी शावेज (17) को गोली मारने के मामले में पुलिस आरोपियों तक पहुंच चुकी है। तीन-चार युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। अभी तक मामले में मादक पदार्थों की बिक्री को लेकर विवाद होने के सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। वहीं पुलिस ने शावेज की दादी नूरजहां की तहरीर पर हत्या के प्रयास की धारा में दर्ज हुए मुकदमे को बीएनएस के तहत हत्या की धारा 103 में तरमीम कर दिया है।
पांच सितंबर को अपने सात वर्षीय भाई के साथ सेवाधाम जा रहे शावेज को अज्ञात युवक ने गोली मार दी थी। गोली शाबेज के बाएं जबड़े में लगी। घायल हालत में वह किसी तरह टीलामोड़ थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे पहले लोनी स्थित संयुक्त अस्पताल भिजवाया लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान किशोर कोमा में चला गया और 10 सितंबर की सुबह उसकी मौत हो गई। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि छानबीन के बाद तीन-चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के बारे में पुख्ता सुराग हाथ लगे हैं। हालांकि अभी तक मादक पदार्थों की बिक्री को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। जांच की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।