20 अक्टूबर से 15 नवंबर तक रहेगी यात्रियों को राहत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे की ओर से पटना और दिल्ली के बीच अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से सुपरफास्ट एसी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 02309/02310 राजेंद्र नगर टर्मिनल-आनंद विहार टर्मिनल-राजेंद्र नगर टर्मिनल सुपरफास्ट एसी फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस 20 अक्तूबर से 15 नवंबर तक चलेगी।
रेलवे के अनुसार, राजेंद्र नगर टर्मिनल से चलने वाली ट्रेन संख्या 02309 कुल 12 फेरों में 20 अक्तूबर से 14 नवंबर तक चलेगी जबकि आनंद विहार टर्मिनल से वापसी करने वाली ट्रेन संख्या 02310 21 अक्टूबर से 15 नवंबर तक 12 फेरे पूरी करेगी। ट्रेन 02309 राजेंद्र नगर टर्मिनल से रात 11:05 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसका ठहराव पटना जंक्शन, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और गोविंदपुरी पर रहेगा। वहीं, ट्रेन 02310 आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंचेगी। यह पूरी तरह एसी कोचों से सुसज्जित सुपरफास्ट ट्रेन होगी।