- पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए आरोपी, अवैध पिस्टल व तमंचा बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने रविवार रात मुठभेड़ के दौरान कुख्यात माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कमबक्शपुर गांव निवासी धर्मेन्द्र उर्फ डीके (32) व दिल्ली निवासी अर्जुन (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि रविवार की रात सूचना मिली थी कि शासन द्वारा चिन्हित माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यमुना पुस्ता के पास गांव घरबरा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थाना इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र उर्फ डीके और अर्जुन के रूप में हुई है। पुलिस ने धर्मेंद्र के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। धर्मेंद्र के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी अर्जुन के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।