संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। बरुआ फुटबॉल अकादमी और अशोका फुटबॉल क्लब की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के करीब 25 बच्चों को मुफ्त में फुटबॉल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं अन्य खिलाड़ियों को 2000 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। यह प्रशिक्षण सत्र नोएडा स्टेडियम में 20 मई से 20 जून तक आयोजित होने वाले समर फुटबॉल कैंप में दिया जाएगा। इसमें 5 से 18 साल तक के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
कैंप सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह साढे़ 7 बजे से साढ़े 8 बजे तक लगेगा। खिलाड़ियों के लिए हर हफ्ते दिल्ली और नोएडा में फ्रेंडली मैच भी कराए जाएंगे। खिलाड़ियों का मार्गदर्शन पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और पूर्व राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम के मुख्य कोच अनादि बरुआ करेंगे।आयोजकों ने बताया कि कैंप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन शाम के ट्रेनिंग सत्रों के लिए भी किया जाएगा।