ग्रेटर नोएडा। अमेरिका के बॉबसन कॉलेज में सुदीक्षा भाटी के नाम से सामुदायिक उद्यान बगीचा तैयार किया है। कॉलेज के सहयोगी छात्र और कर्मचारी इसे विकसित कर रहे हैं। बगीचे को विकसित और रखरखाव करने के लिए लोगों से आर्थिक मदद करने की भी अपील की है। सुुदीक्षा के नाम से पार्क बनने से परिजन खुश हैं। पिता जितेेंद्र भाटी ने बताया कि दो दिन पहले सुदीक्षा के दोस्तों ने फोन कर इसकी सूचना दी। वहां आज भी सुदीक्षा को याद किया जाता है। छात्रों ने बताया कि बगीचा एक सभा स्थल के रूम में भी काम करेगा।
दादरी क्षेत्र के डेरी स्कनर गांव की रहने वाली सुदीक्षा ने बाबसन कॉलेज से करीब 3.5 करोड़ की छात्रवृत्ति हासिल की थी। सुदीक्षा छात्रवृत्ति पर अमेरिका पढ़ने चली गई थी, लेकिन कोविड के कारण उसे वापस आना पड़ा। 10 अगस्त, 2020 को बुलंदशहर में एक सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई थी। आरोप था कि मनचलों के कारण हादसा हुआ था, लेकिन पुलिस ने जांच कर इन आरोपों को नकारा दिया। घटना को एक साल से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन परिवार अभी तक उभर नहीं सका है।
---
‘प्रदेश सरकार ने पूरा नहीं किया वादा’
जितेेंद्र भाटी का कहना है कि 13 सितंबर, 2020 को मुख्यमंत्री ने सुदीक्षा की याद में प्रेरणा स्थल और पुस्तकालय बनाने की घोषणा की थी, लेकिन एक साल बाद भी इनका निर्माण नहीं हो सका। जूनियर स्कूल में जगह भी चिह्नित हो चुकी है। एक साल से प्रशासनिक अफसरों के चक्कर लगा रहे है, लेकिन कुछ नहीं हुआ।